डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी मनाने के लिए एक साल तक चलने वाले समारोह की घोषणा के बाद, असम कैबिनेट ने हाल ही में मोहनबाड़ी-डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट का नाम बदलकर डॉ. भूपेन हजारिका एयरपोर्ट के नाम पर रखने को मंजूरी दी।
इस फैसले की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “डिब्रूगढ़ का मोहनबाड़ी एयरपोर्ट जल्द ही डॉ. भूपेन हजारिका एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा। इस नाम परिवर्तन के साथ, असम की दो राजधानियों के एयरपोर्ट का नाम राज्य के दो भारत रत्नों के नाम पर रखा जाएगा – जो उनके योगदान के लिए एक उचित श्रद्धांजलि होगी।”
इसके अलावा, एयरपोर्ट का नाम बदलने के संबंध में विधानसभा में मंजूरी लेने के लिए 9 जून को असम विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा।
1950 के दशक की शुरुआत में, डिब्रूगढ़ शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित इस एयरपोर्ट को पहली बार चालू किया गया था। कुल 386 एकड़ क्षेत्र में निर्मित यह हवाई अड्डा पूर्वोत्तर भारत में गुवाहाटी, अगरतला और इम्फाल हवाई अड्डों के बाद चौथा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है।









