असम के हर कोने के समग्र विकास पर मुख्य ध्यान केंद्रित करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने पहाड़ी जिले कार्बी आंगलोंग को 100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं समर्पित की हैं।
पुलों और अन्य परियोजनाओं सहित सड़कों के बिछाने, चौड़ीकरण, सुधार और उन्नयन से जुड़े विकास कार्यों से कार्बी आंगलोंग में कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने डिफू में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ये सभी परियोजनाएं कार्बी आंगलोंग में अभूतपूर्व विकास लाएगी। उन्होंने आगे कहा, इसके अलावा, आंगनवाड़ी केंद्रों में प्री-स्कूल किट सामग्री छोटे बच्चों के लिए एक खुशनुमा और समृद्ध शिक्षण वातावरण तैयार करेगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस वर्ष एक अक्तूबर से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के पारिश्रमिक में वृद्धि के लिए कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार कार्बी आंगलोंग में आंगनवाड़ी केन्द्रों से लेकर महाविद्यालयों तक शैक्षणिक संस्थानों के बुनियादी ढांचे सहित शैक्षणिक माहौल को सुधारने के लिए सभी कदम उठा रही है, ताकि वे सक्षम मानव संसाधन तैयार कर सकें।उन्होंने कहा, यदि हम अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्रदान करना चाहते हैं, तो इसकी नींव शीघ्र रखी जानी चाहिए, जिसकी शुरुआत आंगनवाड़ी केंद्रों में उचित शिक्षा से होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, डिफू के लोगों को यातायात की भीड़ से राहत दिलाने के लिए, इस वर्ष 198 करोड़ रुपये की लागत से डिफू स्टेडियम से जनरल पोस्ट ऑफिस तक 1.4 किलोमीटर लंबे चार लेन के फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा, इस साल दिसंबर तक हामरेन से टुमप्रेंग तक 29.70 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।









