2018 में, हैलाकांदी- जिसे कभी असम के सबसे अविकसित जिलों में से एक माना जाता था- ने विकास की तीव्र यात्रा शुरू की। उस वर्ष, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के 112 जिलों की पहचान करते हुए आकांक्षी जिला कार्यक्रम शुरू किया और हैलाकांदी उनमें से एक था।
तब से, केंद्रित शासन, सामुदायिक भागीदारी और लक्षित योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन के कारण, जिले ने कई सामाजिक-आर्थिक संकेतकों में उल्लेखनीय प्रगति देखी है। आज, हैलाकांदी आकांक्षी जिलों में अग्रणी के रूप में खड़ा है।
सौर ऊर्जा
“सौर ऊर्जा के मंत्र” को अपनाते हुए, असम के हैलाकांदी जिले में एक शांत लेकिन प्रभावशाली क्रांति देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन के साथ, जिले के आंतरिक क्षेत्रों जैसे लाला और अल्गापुर में अनेक परिवार अब पारंपरिक बिजली पर निर्भर रहने के बजाय सौर रूफटॉप को एक भरोसेमंद विकल्प के रूप में अपना रहे हैं। यह योजना नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) की सब्सिडी योजनाओं के तहत संचालित की जा रही है, जिससे आम लोगों को सौर पैनल लगाने में वित्तीय सहायता मिल रही है।
स्थानीय निवासी निर्मल ज्योति पॉल चौधरी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “वर्षों तक मेरा घर पूरी तरह पारंपरिक बिजली पर निर्भर था। बार-बार बिजली कटने, बढ़ते बिल और अस्थिरता से हम परेशान थे। लेकिन जब मैंने सौर ऊर्जा को अपनाया, तो सब कुछ बदल गया।” उन्होंने आगे बताया, “सोलर पैनल लगवाने से पहले मेरा औसत मासिक बिजली बिल ₹2,800 तक था। लेकिन अब यह काफी कम होकर रह गया है, और हर महीने लगभग ₹2,098 की बचत हो रही है।”
निर्मल ने कहा, “मेरा घर रोशन हो रहा है, हर महीने बचत हो रही है।”
निर्मल अकेले नहीं हैं। जिले के दूरदराज के क्षेत्रों से सैकड़ों लोग सौर छत ऊर्जा का उपयोग कर रहे हैं और उन्हें भारी लाभ मिल रहा है।
क्रांति की अग्रदूत ग्रामीण महिलाएं
महिलाओं को सशक्त बनाना जिले की प्रगति और विकास का एक और प्रमुख संकेतक रहा है। जिले में और उसके आसपास दूध की भारी मांग को देखते हुए, जिला प्रशासन ने स्थानीय महिलाओं को ज्यादातर देशी नस्ल के मवेशियों के साथ दूध उत्पादन में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया है। दूध उत्पादन में लगभग 180 गांवों की क्षमता को देखते हुए, डेयरी खाद्य उत्पाद प्रसंस्करण इकाई की स्थापना करके महिलाओं के बीच रोजगार क्षमता को विकसित करने और बढ़ाने के लिए एक परियोजना तैयार की गई थी और गाय और सोया दूध, पनीर, टोफू, लस्सी, दही आदि के उत्पादन और विपणन पर कौशल विकास प्रशिक्षण दिया गया था। अब तक, 60 महिलाओं ने प्रशिक्षण लिया है जो उन्हें अपने परिवार की आय बढ़ाने में मदद कर रहा है।
खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया ने हाल ही में जीवन ज्योति मॉडल-सीएलएफ के मार्गदर्शन में स्वयं सहायता समूह के सदस्यों द्वारा गागलचेरा में संचालित टोफू (सोया पनीर) बनाने की इकाई का दौरा किया और इस पहल की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री ने अपने दौरे के बाद कहा, “जिला प्रशासन और एएसआरएलएम के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक विकास के मामले में एसएचजी सदस्य बहुत बढ़िया काम कर रहे हैं। अब हमें उत्पाद की बेहतर और वैकल्पिक पैकेजिंग सामग्री पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है ताकि इसकी शेल्फ लाइफ बढ़ाई जा सके, ताकि बेहतर बाजार लिंक के लिए ई-मार्केटिंग और अन्य प्लेटफार्मों का उपयोग करके उत्पादों को पूरे देश में बेचा जा सके।”
शुद्ध जल सुनिश्चित करने की दिशा में अग्रसर
हैलाकांदी में पांच बहु-ग्राम पाइप जलापूर्ति योजनाएं हैं, जिनमें से कतलीचेरा बहु-ग्राम जलापूर्ति योजना भी एक है। योजना की शुरुआत से पहले, उपखंड के लोग अविश्वसनीय जल स्रोतों पर निर्भर थे, जिससे कई लोग जल जनित बीमारियों के प्रति संवेदनशील थे। बहु-ग्राम योजना इस समस्या से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण समाधान के रूप में उभरी। 2012 में शुरू की गई यह योजना जल जीवन मिशन (जेजेएम) के क्षेत्र में आने से पहले स्थानीय घरों में पानी की आपूर्ति कर रही थी। यह वर्तमान में लगभग 3,000 घरों को पानी उपलब्ध कराती है। 2014 से, इसकी देखभाल एक उपयोगकर्ता समिति द्वारा की जा रही है, जो प्रत्येक घर से ₹100 का मासिक शुल्क लेती है। समिति वित्त की देखरेख करती है और योजना के छोटे और बड़े परिचालन व्यय दोनों को संभालती है।
कतलीचेरा बहु-ग्राम योजना के सचिव राजेश दास के अनुसार, “जब भी कोई समस्या आती है, तो समिति के सक्रिय सदस्यों की सहायता से उसका समाधान किया जाता है।” समिति एकत्रित टैरिफ का उपयोग योजना में शामिल अधिकारियों को मासिक वेतन देने के लिए करती है, जो इसके सभी पहलुओं की लगन से देखरेख करते हैं। इस मुद्दे पर बोलते हुए लाभार्थी संजय दास ने कहा, “बहु-ग्राम योजना के कार्यान्वयन से पहले, लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ता था। इस योजना की शुरुआत के साथ, यह समय लेने वाला काम खत्म हो गया है और अब प्रतिदिन स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति की जाती है।” स्वच्छ ऊर्जा और जल सुरक्षा से लेकर महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण उद्यम तक, यह जिला असम और उसके बाहर समावेशी और सतत विकास के लिए मानक स्थापित कर रहा है।










