जाति, माटी और भेटी की रक्षा और मूल निवासियों को उचित अधिकार प्रदान करने के अपने घोषित मिशन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, असम सरकार पिछले चार वर्षों में 160 वर्ग किलोमीटर भू-क्षेत्रों को अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराने में सफल रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने इस घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि ये अतिक्रमणकारी ज्यादातर वे लोग थे, जिनके पास अपने मूल जिलों में जमीन थी, लेकिन वे राज्य के विभिन्न हिस्सों में अवैध रूप से बसने के लिए दूसरे जिलों में चले गए।
शर्मा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया, “उत्तरी असम के लखीमपुर जिले में हमारे बेदखली अभियान के दौरान, हमने देखा कि कई अतिक्रमणकारी पश्चिमी असम के धुबड़ी और दक्षिण सलमारा जिलों से आए थे, जो 400 किलोमीटर दूर है, और उन्होंने जमीन पर कब्जा कर लिया था।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वन भूमि, चरागाह रिजर्व, आदिवासी बेल्ट और ब्लॉक, और सरकारी स्वामित्व वाली भूमि सहित लगभग 40,000 एकड़ अतिक्रमित भूमि को मुक्त कर दिया है, “यह क्षेत्र चंडीगढ़ शहर से बड़ा है, जो लगभग 125 वर्ग किलोमीटर है, और दक्षिण दिल्ली के लगभग दो-तिहाई हिस्से के बराबर है।”
अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई: शीर्ष 5 जिले
मुख्यमंत्री की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, 39,527.72 बीघा जमीन मुक्त कराने के मामले में शोणितपुर सबसे ऊपर है, उसके बाद 17,905 बीघा जमीन के साथ दरंग दूसरे और 13,481.54 बीघा जमीन के साथ लखीमपुर तीसरे स्थान पर है। होजाई 10,749.60 बीघा जमीन के साथ चौथे स्थान पर है, वहीं ग्वालपाड़ा में 8,280.36 बीघा जमीन मुक्त कराई गई।
वन्यजीव अभयारण्यों और आरक्षित वनों को अवैध बसने वालों के चंगुल से मुक्त कराने के भी प्रयास किए गए हैं। इसके साथ ही बूढ़ाचापोरी वन्यजीव अभयारण्य में 2112 हेक्टेयर, पैकन रिजर्व फॉरेस्ट में 138 हेक्टेयर, ओरंग टाइगर रिजर्व में 2899 हेक्टेयर, लाम्डिंग रिजर्व फॉरेस्ट में 1410 हेक्टेयर और पाभा रिजर्व फॉरेस्ट में 1750 हेक्टेयर क्षेत्र बेदखल किया गया है।
ज़िला प्रशासन को प्रभावित व्यक्तियों के नाम उस स्थान की मतदाता सूची से हटाने का काम सौंपा गया है, जहां से उन्हें बेदखल किया गया था।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया, उनका नाम उनके मूल गांव (उनके) की मतदाता सूची में है। आप दो जगहों पर नाम नहीं रख सकते। एक बार जब उन्हें बेदखल कर दिया जाता है और उनके घर हटा दिए जाते हैं, तो जिला उपायुक्तों को मतदाता सूची से नाम हटाने होते हैं। हमारा काम असमिया निर्वाचन क्षेत्र या स्थानीय मूलनिवासी निर्वाचन क्षेत्र की रक्षा करना है। उन्होंने आगे कहा, अब तक लगभग 50,000 लोगों को बेदखल किया गया है, लेकिन उनके नाम असम की मतदाता सूची में कहीं न कहीं जरूर होंगे। उनके नाम असम की मतदाता सूची से नहीं काटे जाएंगे, बशर्ते वे भारतीय नागरिक हों।
इस बीच, एक्स में एक वीडियो साझा करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा, हम न केवल अतिक्रमणकारियों से जमीनें मुक्त करा रहे हैं, बल्कि इन जमीनों का उपयोग उत्पादक कार्यों के लिए करके आगे अतिक्रमण को भी रोक रहे हैं। लखीमपुर में, हमने बेदखल जमीन पर सोम के पौधे लगाए हैं जो मूगा रेशमकीट पालन और स्थानीय लोगों के आर्थिक विकास में सहायक होंगे।
मुख्यमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए, लखीमपुर विधायक मानब डेका ने लिखा, “विरासत, न्याय और आजीविका पर आधारित एक साहसिक कदम। माननीय मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व में, असम सरकार ने एक बार फिर हमारी पहचान, जमीन और जड़ों की रक्षा के लिए अपनी अटूट प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया है। लखीमपुर में हजारों बीघा अतिक्रमित सरकारी जमीन को पुनः प्राप्त कर सोम के बागानों में बदल दिया गया है जिससे मूगा रेशम उत्पादन को बढ़ावा मिला है, परंपरा को पुनर्जीवित किया गया है और हजारों स्थानीय रेशम उत्पादन किसानों को सशक्त बनाया गया है।











