हजारों शब्दों को एक तस्वीर बयां कर देती है। ऊपर एक ऐसी ही तस्वीर राम प्रसाद हजारिका की है। वह असम पुलिस में होमगार्ड हैं। उनके साथ उनकी पत्नी और बेटा पल्लव हैं। असम सरकार की ओर से बेटे को सब इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्ति का पत्र दिया गया है। चेहरे पर मुस्कान पल्लव की उस मेहनत का नतीजा है जो उन्होंने परीक्षा केदौरान की। नगांव के रोहा के निवासी रामप्रसाद ने कहा, आज यह मेरा दिन है जिस विभाग में मैं होमगार्ड हूं। वहीं, मेरा बेटा सब इंस्पेक्टर होगा। उसकी नियुक्ति निष्पक्ष तरीके से हुई। मैं इसके लिए मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद करना चाहूंगा।
गुवाहाटी के पशु चिकित्सा महाविद्यालय खेल मैदान में 23 सितंबर को 11,236 लोगों को नियुक्ति पत्र दिया गया था। पल्लव उन्हीं में से एक हैं।
पल्लव ने कहा, 2016 से मैं असम पुलिस की सभी परीक्षाओं में पास हो रहा था। लेकिन नौकरी अब भी दूर की कौड़ी थी। इस बार मैंने यह बाधा पार कर ली। मुझे कड़ी मेहनत का पुरस्कार दिया गया है।
असम सरकार ने इस चरण में अपने 21 विभागों में नियुक्ति पत्र दिया है। (कृपया बॉक्स देखें) मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार की बात दोहराई।
लामडिंग की कनिका चक्रवर्ती को करीमगंज मॉडल कॉलेज लेक्चरर के पद के लिए नियुक्ति पत्र मिला। उनके लिए अपने आंसू रोक पाना मुश्किल हो रहा था क्योंकि उनका सरकारी नौकरी पाने का सपना वह भी पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा हो गया था।
उन्होंने असम वार्ता को बताया, देश के अन्य राज्यों में नौकरी की कमी की मीडिया में खबरों कोलेकर वह यहां के लिए भी सशंकित थीं। आज मुझे मेरी कड़ी मेहनत का फल मिला है। युवाओं के सपनों को साकार करने के इस मौके पर कई कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे।